- श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले पूर्णकालिक सीईओ चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में; 16 शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों के इंटरव्यू पूरे।
- चयनित उम्मीदवारों में पूर्व आईपीएस राजेश पांडेय और सेवानिवृत्त आईएएस योगेश्वर मिश्रा प्रमुख दावेदार।
- पांडेय यूपी एसटीएफ, एटीएस व लखनऊ, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर के एसएसपी रहे; कई हाई-प्रोफाइल एनकाउंटर के लिए पहचाने जाते हैं।
- इंटरव्यू में सेना के रिटायर्ड अधिकारी, मंदिर प्रशासन और संगठन प्रबंधन के अनुभवी दावेदार भी शामिल; फैसला जल्द।
समग्र समाचार सेवा
अयोध्या, 14 अगस्त : अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले पूर्णकालिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। चयन समिति ने 16 शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों के इंटरव्यू पूरे कर लिए हैं, जिसमें कई पूर्व वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक और सुरक्षा पृष्ठभूमि के दावेदारों के साथ-साथ दक्षिण भारत के प्रमुख मंदिरों से जुड़े अनुभवी उम्मीदवार भी शामिल हैं।इनमें खास नाम पूर्व आईपीएस राजेश पांडेय और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी योगेश्वर मिश्रा का है। राजेश पांडेय (2003 बैच, प्रयागराज) यूपी एसटीएफ और एटीएस में अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं और लखनऊ, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर में एसएसपी रहे हैं। वे कई हाई-प्रोफाइल मुठभेड़ों के लिए भी जाने जाते हैं। वहीं, योगेश्वर मिश्रा को प्रशासनिक अनुभव और नेतृत्व क्षमता के लिए मजबूत दावेदार माना जा रहा है।इंटरव्यू ट्रस्ट परिसर के ग्रीन हाउस में मंगलवार और बुधवार को बंद कमरे में हुए। सीईओ के लिए ट्रस्ट प्रशासन, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भविष्य की परियोजनाओं के प्रबंधन में अनुभवी, रणनीतिक सोच रखने वाले और आधुनिक प्रबंधन समझ वाले व्यक्ति की तलाश कर रहा है। अब तीन नामों का पैनल ट्रस्ट के सामने जाएगा और अंतिम निर्णय की औपचारिक घोषणा 2 सितंबर को हो सकती है।