दिल्ली में चलती बस में 16 साल की छात्रा से गैंगरेप, दोनों आरोपी गिरफ्तार

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा 

नई दिल्ली, 31 अगस्त :देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर ‘निर्भया कांड’ जैसी शर्मनाक वारदात से दहल गई है। मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) की 16 वर्षीय 11वीं की छात्रा के साथ चलती बस में ड्राइवर और कंडक्टर ने सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने छात्रा को रात में कश्मीरी गेट के पास रिंग रोड पर फेंक दिया और फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने दोनों आरोपितों—चालक कुलदीप और कंडक्टर संदीप—को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 4 अगस्त की है, जब छात्रा मां की डांट से नाराज होकर बिना बताए नोएडा के लिए निकली थी। भारी बारिश और अंधेरे के चलते वह परी चौक पर गलत जगह उतर गई। आगे जाने के लिए उसने एक स्लीपर बस को रोका और नोएडा सेक्टर-63 जाने का रास्ता पूछा। कंडक्टर ने उसे बस में बैठा लिया, जिसमें कोई अन्य यात्री नहीं था। बस के चलने पर कंडक्टर ने छेड़छाड़ शुरू की और बाद में दोनों ने मिलकर छात्रा से दुष्कर्म किया। धमकी दी गई कि अगर किसी को बताया तो जान से मार देंगे।

रात में आरोपियों ने पीड़िता को कश्मीरी गेट के पास उतार दिया। छात्रा ने साहस दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मेडिकल जांच कराई और सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण, मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को तिमारपुर पार्किंग से गिरफ्तार किया गया। वारदात में इस्तेमाल बस भी जब्त कर ली गई है।

इस दर्दनाक घटना ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.