दिशा सालियान केस : आदित्य ठाकरे को 500 करोड़ का मानहानि नोटिस

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा 

मुंबई, 20 सितंबर :दिशा सालियान केस ने एक बार फिर महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मचा दी है। शनिवार को दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे के मुंबई स्थित निवास ‘मातोश्री’ पहुंचकर उनके बेटे और विधायक आदित्य ठाकरे को 500 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस सौंपा। ठाकरे परिवार के वकील ने यह नोटिस स्वीकार कर लिया है।

इस बीच, शिवसेना (UBT) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने आरोप लगाया कि सतीश सालियान को “कठपुतली” बना कर ठाकरे परिवार पर कीचड़ उछालने की कोशिश की जा रही है और उनके पीछे कोई और है। राउत ने बीजेपी नेता नारायण राणे और उनके बेटे नितेश राणे पर भी इस मुद्दे को जबरन घसीटने का आरोप लगाया।

मीडिया से बात करते हुए सतीश सालियान ने कहा कि आदित्य ठाकरे ने उन्हें बदनाम किया है, इसलिए उन्होंने यह कानूनी नोटिस भेजा है। दूसरी ओर, आदित्य ठाकरे ने साफ किया है कि उनका दिशा सालियान की मौत से कोई लेना-देना नहीं है और वह कभी उनसे मिले भी नहीं। खुद उद्धव ठाकरे ने चेतावनी दी है कि अगर उनके परिवार के खिलाफ “चरित्र हनन” अभियान नहीं रुका, तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगे।

दिशा सालियान, जो अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर भी रह चुकी थीं, 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में 12वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। एक हफ्ते बाद, 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत भी अपने बांद्रा अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे, जिससे इन दोनों मौतों के बीच संबंध की अटकलें तेज हो गई थीं।

मुंबई पुलिस ने पहले दिशा की मौत को ‘दुर्घटनावश मृत्यु’ बताया था, लेकिन हाल ही में बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद CBI ने केस रजिस्टर किया है। हाईकोर्ट ने जांच में देरी और FIR न दर्ज करने पर मुंबई पुलिस को फटकार लगाई थी और CBI को निर्देश दिया कि किसी को आरोपी न बनाया जाए।

यह मामला अब महाराष्ट्र की राजनीति में नया मोड़ ले चुका है और आने वाले दिनों में और भी तीखे आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिल सकते हैं।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.