समग्र समाचार सेवा
पटना, 21मई। पटना एम्स के रेजीडेंट डॉक्टरों ने अपनी मांगो को लेकर हड़ताल पर जाने की धमकी दे दी है। डॉक्टरों ने कोरोना संक्रमित होने पर बेड न मिलने का आरोप लगाया है इसके साथ ही एम्स में कम से कम 20 बेड रिजर्व करने की मांग की है। डॉक्टरों ने कहा है कि अगर उनकी मांगे पूरी नही की गई तो वे 24 मई से हड़ताल पर रहेंगे।
उन्होंने कहा है कि रेजीडेंट डॉक्टर दिन-रात कोरोना मरीजों के इलाज में लगे हैं। ऐसे में यदि वे कहीं खुद कोरोना संक्रमित हो गए तो उन्हें समुचित इलाज मिलना चाहिए। लेकिन कई बार बेड मिलने में दिक्कत आ रही है। ऐसे में सरकार को एम्स पटना में रेजीडेंट डॉक्टरों के लिए कम से कम 20 बेड रिजर्व करने चाहिए। आरडीए के अध्यक्ष डॉ.विनय ने चेतावनी देते हुए कहा कि मांग नहीं मानी गई तो 24 मई से सभी रेजीडेंट डॉक्टर हड़ताल पर चले जाएंगे। उन्होंने सरकार से कोविड ड्यूटी के बाद आठ दिन ऑफ देने की भी मांग की।