समग्र समाचार सेवा
जोधपुर, 8अक्टूबर।
पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह जसोल के निधन के पश्चात आयोजित शोक सभा में गुरूवार को भाजपा और कांग्रेस के नेता अपनी शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। जोधपुर के पाबूपुरा स्थित जसवंत सिंह के फॉर्म हाउस पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जोधपुर सांसद व केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत , भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, राजस्थान विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह शेखावत पहुंचे। वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, राज्यमंत्री टीकाराम जुली सहित कांग्रेस के नेताओं ने भी अपनी संवेदनाएं उनके पुत्र मानवेंद्र सिंह के समक्ष व्यक्त की। उपस्तिथ नेताओं ने दिवंगत जसवंत सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को ढांढ़स बंधाया।
सचिन पायलट ने कहा कि जसवंत सिंह का योगदान हर कोई याद रखेगा। उनके द्वारा किए गए सेवा कार्यों को भी पायलट ने याद किया। जोधपुर के पाबूपुरा स्थित जसोल के फार्म हाउस पर कांग्रेस और भाजपा के दिग्गज अलग-अलग समय पहुंचे।