समग्र समाचार सेवा
ग्वालियर, 8अक्टूबर।
मध्य प्रदेश में 28 सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियां जोरो पर है। पांच दिवसीय दौरे पर ग्वालियर पहुंचे ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मीडिया से बात करते हुए उम्मीद जताई है कि भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ एकतरफा इस उपचुनाव को जीतेगी।
राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कमल नाथ को सवा साल केवल कुर्सी और तिजोरी की चिंता रही है। प्रदेश व ग्वालियर-चंबल अंचल का विकास नहीं करके कमल नाथ ने गद्दारी की है। चार दिवसीय प्रवास पर गुरुवार को ग्वालियर आए सिंधिया ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान यह बात कही।
इसके आगे उन्होंने कहा कि राजनीति में आमने-सामने जरूर होते हैं और सभी को अपना पक्ष रखने का अधिकार होता है। कांग्रेस ने राजनीति में जो स्तर दिखाया है, वह ठीक नहीं हैं। उन्हें खुद भी अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उधर, सिंधिया गुरुवार सुबह दिल्ली से ग्वालियर आए। एयरपोर्ट पर उनके पीछे खड़े होने को लेकर समर्थक रामसुंदर व संजय शर्मा के बीच विवाद हो गया। सिंधिया के मुरैना रवाना होने के बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। पुलिस अधिकारी व समर्थकों ने दोनों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
कमलनाथ पर निशाना साधते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि अगर वह कहते हैं कि ग्वालियर चंबल संभाग की जिम्मेदारी मेरी थी। तो कई बार मैं उनसे मिला। कमलनाथ ने एक कदम विकास के लिए नहीं उठाया। मैं कमलनाथ जी से पूछना चाहता हूं। 15 महीने सीएम रहे। उनका चेहरा एक बार भी किसी ने चंबल अंचल में देखा। क्या कमलनाथ ने एक भी बार ग्वालियर की तरफ रुख किया था? क्या उनका चेहरा किसी ने भी ग्वालियर में देखा है? कुर्सी और तिजोरी कांग्रेस की विचारधारा है। ग्वालियर चंबल सहित पूरे मध्य प्रदेश की जनता के साथ कांग्रेस ने गद्दारी की है।