समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर।
यूपी के हाथरस कांड में एक के बाद एक नई बात सामने आ रही है, जहां अभी इस मामले को लेकर जातिय हिंसा फैलाने और दंगा कराने की साजिश की छानबिन हो रही है, वहीं दूसरी तरफ इस मामले में अब एक नई बात सामने आ रही है। जी हां, जानकारी के मुताबिक पीड़ित परिवार में भाभी बनकर रहने वाली महिला जबलपुर की डॉक्टर है, जिसका संबंध नक्सलियों से बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक जबलपुर की एक महिला पीड़ित परिवार के घर में मृतका की भाभी बनकर रही थी। पीड़ित परिवार के घर में 4 दिनों तक रही जिस महिला का नक्सली कनेक्शन बताया जा रहा है, वो जबलपुर की रहने वाली डॉक्टर राजकुमारी बंसल है। हालांकि उन्होंने अब नक्सली कनेक्शन से साफ इनकार किया।
राजकुमारी बंसल जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में फॉरेंसिक विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। एक साक्षात्कार में डॉक्टर बंसल ने स्वीकार किया कि वो हाथरस जाकर पीड़ित परिवार के घर में रही थीं, लेकिन ना तो वो उनकी रिश्तेदार हैं और ना ही उनका किसी भी तरह से कोई नक्सल कनेक्शन है।
डॉक्टर बंसल के मुताबिक वो बाकायदा छुट्टी लेकर 4 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक पीड़ित परिवार के घर में रही थीं। जहां उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद भी दी। इसके पीछे उनका मकसद अपने समाज के पीड़ित परिवार को संबल देना था। डॉक्टर राजकुमारी बंसल ने अपने संबंध नक्सलियों से होने का खंडन किया है और कहा है कि ऐसा प्रचारित करने वालों के खिलाफ वो कानूनी कार्रवाई भी करेंगी। फोन टैपिंग के मामले में उन्होंने कहा कि पुलिस की सायबर सेल में शिकायत करेंगी।