बिहारः छात्रों के बवाल के बाद एनटीपीसी और श्रेणी-1 की परीक्षाएं स्थगित

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
पटना, 26 जनवरी। परीक्षार्थियों के विरोध-प्रदर्शन के बाद रेलवे ने एनटीपीसी और श्रेणी-1 की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। इस परीक्षा को लेकर बवाल मचा हुआ था। रेलवे ने परीक्षार्थियों की शिकायतों की जांच के लिए समिति गठित की है। रेलवे प्रवक्ता ने बुधवार, 26 जनवरी, 2022 को सुबह जानकारी दी कि उम्मीदवारों के विरोध के बाद रेलवे ने एनटीपीसी और लेवल-1 की परीक्षा स्थगित की है। इसके साथ ही रेलवे ने प्रदर्शन कर रहे उम्मीदवारों की शिकायतों की जांच के लिए समिति गठित की है।

बिहार के छात्रों का हंगामा जारी

एनटीपीसी की परीक्षा के पैटर्न में बदलाव और रिजल्ट में धांधली का आरोप लगाते हुए नाराज छात्रों ने मंगलवार को दूसरे दिन भी रेलवे ट्रैक पर कब्जा जमा लिया। मंगलवार की दोपहर डेढ़ बजे ही सैकड़ों छात्र आरा जंक्शन पहुंचे और रेलवे ट्रैक को पूरी तरह जाम कर दिया। इस बीच पुलिस ने आंसू गैस छोड़ खदेड़ने का प्रयास किया तो छात्रों ने पथराव कर दिया। वहीं ट्रैक बाधित होने के कारण पश्चिमी गुमटी के पास खड़ी सासाराम-आरा पैसेंजर में आग भी लगा दी। ट्रेन के पिछले हिस्से के इंजन के लोको पायलट ने किसी तरह अपनी जान बचायी और आग को बुझाया। लोको पायलट रवि कुमार की तत्परता से आग से अन्य किसी बोगी को नुकसान नहीं हुआ लेकिन इंजन का अंदर का हिस्सा पूरी तरह जल गया।

पत्थरबाजी में कई पुलिसवाले घायल

पथराव की घटना में एएसपी हिमांशु कुमार, नवादा इंस्पेक्टर अविनाश कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर सुमन कुमारी समेत एक दर्जन से अधिक सिपाही चोटिल भी हो गये। इसके बाद  पुलिस ने छात्रों को खदेड़ा। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई। इस बीच पुलिस और छात्रों के बीच जमकर रोड़ेबाजी हुई। आत्म सुरक्षा के लिए पुलिस को भी पथराव करना पड़ा। शाम सात बजे के बाद रेलवे का परिचालन शुरू हुआ।

नवादा में मशीन और सीट में लगाई आग

नवादा रेलवे स्टेशन पर छात्रों ने पटरी दुरुस्त करने वाली डायनेमिक टेम्पिंग एक्सप्रेस मशीन और कुछ यात्री शीट को आग के हवाले कर दिया। पटरी के कपलिंग को निकाल दिया गया। रेल ट्रैक पर साइड में रखी पटरी को डाल दिया। लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को हटाकर ट्रेन परिचालन बहाल किया गया।

रेलवे ने दी छात्रों को गंभीर चेतावनी

आरआरबी ने रेल चक्का जाम करने वाले छात्रों और रेल की पटरी पर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को चेतावनी दी है। रेलवे ने विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि जांच के दौरान तोड़फोड़ और हिंसक प्रदर्शन में संलिप्त पाया गया तो वैसे छात्रों पर रेलवे की परीक्षा में बैठने से आजीवन रोक रहेगी। इसकी जानकारी आरआरबी के अध्यक्ष ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.