उत्तर प्रदेश:शामली के कारोबारी के बेटे आयुष मलिक ने घर वापसी की

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा 

शामली उत्तर प्रदेश 30 जून : उत्तर प्रदेश के शामली जिले में धर्म परिवर्तन को लेकर चर्चा में रहे दवा कारोबारी देवराज मलिक के बेटे आयुष मलिक ने एक बार फिर हिंदू धर्म अपनाने का ऐलान किया है। परिवार की ओर से जारी एक वीडियो में आयुष अपने पैतृक घर में पूजा-अर्चना और आरती करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उन्होंने अपनी मां को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने पहले इस्लाम धर्म स्वीकार किया था, लेकिन परिवार की पीड़ा और अपनी इच्छा से अब वह अपने मूल धर्म में लौट आए हैं। उन्होंने माता-पिता से क्षमा भी मांगी।

आयुष मलिक के पिता देवराज मलिक ने वीडियो की पुष्टि करते हुए कहा कि उनके बेटे ने सनातन परंपरा और वैदिक मूल्यों से दोबारा जुड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि उनके लिए सनातन केवल एक धर्म नहीं, बल्कि संस्कृति, मूल्यों और आध्यात्मिक जीवन का आधार है।

गौरतलब है कि जून के पहले सप्ताह में आयुष मलिक ने सार्वजनिक रूप से इस्लाम धर्म अपनाने और अपना नाम मोहम्मद अली रखने की घोषणा की थी। इसके बाद उनकी चांदनी कुरैशी से शादी और ईद की नमाज अदा करते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। इस मामले ने स्थानीय स्तर पर विवाद का रूप ले लिया था और कई हिंदू संगठनों ने विरोध दर्ज कराया था।

परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। इस मामले में चांदनी कुरैशी और उनके पिता सहित कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। परिवार ने आरोप लगाया था कि आयुष को संपत्ति हड़पने की साजिश के तहत धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया गया।

हालांकि, इससे पहले आयुष ने मीडिया से बातचीत में दावा किया था कि उन्होंने अपनी इच्छा से करीब चार वर्ष पहले इस्लाम धर्म स्वीकार किया था। उन्होंने कहा था कि उन्हें बचपन से ही इस्लाम के प्रति आकर्षण था और उन्होंने अपनी मर्जी से चांदनी कुरैशी से विवाह किया। उनका कहना था कि दोनों बालिग हैं और अपने जीवन से जुड़े फैसले लेने के लिए स्वतंत्र हैं l

अब हिंदू धर्म में वापसी के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल धर्म परिवर्तन से जुड़े मामले की जांच और कानूनी प्प्रक्रिया ज़ारी है l

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

Leave A Reply

Your email address will not be published.