असम एसटीएफ : पाकिस्तान-आधारित नेटवर्क से जुड़े तीन संदिग्ध गिरफ्तार

स्लीपर सेल बनाने की साजिश का खुलासा

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
  • एसटीएफ ने धुबरी, चिरांग और बारपेटा में छापेमारी कर तीन संदिग्ध पकड़े
  • गिरफ्तार आरोपियों में धुबरी के बेपारीपाड़ा के अकरमुल इस्लाम (26), चिरांग के पानबारी के अमीनुर रहमान (22) और बारपेटा के डाबंडिया के अब्दुल हुसैन (54) शामिल
  • पुलिस ने पांच मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, डेबिट कार्ड और अन्य दस्तावेज जब्त किए
  • नेटवर्क पर पाकिस्तान की आईएसआई और कई कट्टरपंथी संगठनों से जुड़े होने का आरोप

समग्र समाचार सेवा 
गुवाहाटी 25 जुलाई :असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने पाकिस्तान स्थित शाहजाद भट्टी नेटवर्क (एसबीएन) से जुड़े तीन संदिग्धों को एक समन्वित आतंकवाद-रोधी अभियान में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई धुबरी, चिरांग और बारपेटा जिलों में एक साथ छापेमारी कर की गई। पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क भारत में स्लीपर सेल स्थापित करने की कोशिश कर रहा था

पुलिस के अनुसार, शाहजाद भट्टी नेटवर्क पाकिस्तान-आधारित आतंकी-आपराधिक नेटवर्क है, जो भारत में ऑपरेटिव्स की भर्ती, ऑनलाइन कट्टरता फैलाने, टारगेट्स की रेकी, भारत विरोधी प्रोपेगेंडा, लॉजिस्टिक सपोर्ट, जासूसी, अवैध हथियारों की खरीद, स्लीपर सेल बनाने और आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने में लगा है।

एसटीएफ ने बताया कि नेटवर्क एन्क्रिप्टेड कम्युनिकेशन चैनल्स के जरिए काम करता है, पाकिस्तान की आईएसआई से संपर्क में रहता है और वहीं से निर्देश लेता है। पुलिस ने दावा किया कि इस नेटवर्क के खालिस्तान आर्म्ड फोर्स (KAF), पंजाब सॉवरेनिटी अलायंस (PSA), खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA), शेर-ए-पंजाब ब्रिगेड (SPB), यूनाइटेड सिख ब्रदरहुड (USB), सिख टाइगर्स ऑफ खालिस्तान (STK) और तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) जैसे संगठनों से भी संबंध हैं।

पुलिस के अनुसार, मई 2026 में नलबाड़ी जिले में एक संदिग्ध एसबीएन ऑपरेटिव की गिरफ्तारी के बाद असम में नेटवर्क की मौजूदगी पहली बार सामने आई थी। ताजा ऑपरेशन में जब्त दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

एसटीएफ एसएसपी प्रणब कुमार पेगु ने बताया, “हमें पाकिस्तान आधारित शाहजाद भट्टी नेटवर्क द्वारा भारत में साजिश और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसी आधार पर तीन जिलों में एक साथ कार्रवाई कर तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

Leave A Reply

Your email address will not be published.