‘1962 की शर्मिंदगी के लिए माफ़ी मांगे कांग्रेस’
किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, पूछे 4 अहम सवाल
- संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के ‘compromised PM’ बयान पर किया पलटवार
- रिजिजू ने कांग्रेस से पूछा—क्या वह 1962 के युद्ध में चीन के हाथों भारत की शर्मिंदगी के लिए माफ़ी मांगेगी?
- “कांग्रेस ने भारत को गरीबी में क्यों रखा? भारत को ‘सांप-सपेरों का देश’ और ‘हिंदू रेट ऑफ ग्रोथ’ जैसी उपाधि क्यों मिली?”
- विवादित बयान के बाद भाजपा का राहुल पर विदेश और देश में भारत की छवि बिगाड़ने का आरोप
- राहुल गांधी ने APEC समिट की चर्चित फोटो शेयर करते हुए कहा—“अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत भी टेबल पर होता, कमजोर PM वहां नहीं बैठ सकते।”
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 21 नवंबर:केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री मोदी पर “compromised PM” टिप्पणी का कड़ा जवाब देते हुए कांग्रेस पार्टी से 1962 के चीन-भारत युद्ध में मिली हार के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। रिजिजू ने अपने गांव के 1962 में चीन के कब्जे में जाने का ज़िक्र करते हुए कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया।
रिजिजू ने X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट किया:
“कांग्रेस को चार सवालों का जवाब देना चाहिए—
- 1962 में मेरी बस्ती चीन ने कब्जा कर ली, क्या कांग्रेस 1962 की शर्मिंदगी के लिए माफ़ी मांगेगी?
- कांग्रेस ने भारत को गरीब क्यों बनाए रखा?
- भारत को ‘सांप-सपेरों का देश’ क्यों कहा जाता रहा?
- भारत की इकोनॉमी को ‘हिंदू रेट ऑफ ग्रोथ’ की उपाधि क्यों मिली?”
यह बयान तब आया है जब राहुल गांधी ने अमेरिका, चीन और रूस के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक की फोटो साझा करते हुए लिखा—”अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत भी इन नेताओं के साथ टेबल पर बैठा होता, कमजोर PM ऐसा नहीं कर सकते।” राहुल ने इससे पहले शिकागो यूनिवर्सिटी में भी कहा था कि “भारत अब ग्लोबल डायलॉग में साइड प्लेयर बन गया है।”
भाजपा नेताओं ने राहुल पर देश की छवि बिगाड़ने और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के योगदान को कम करके दिखाने का आरोप लगाया। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने AI जनरेटेड तस्वीर साझा कर राहुल गांधी पर तंज कसा।