भारत यात्रा से नेपाल-भारत रिश्तों में नया युग
पीएम बालेन्द्र शाह की दो दिवसीय यात्रा को विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने बताया ऐतिहासिक
- नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने पीएम बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा को ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया
- भारत-नेपाल संबंधों में “सकारात्मक बदलाव”, आपसी सहयोग के लिए खोले नए द्वार
- भारत की ओर से 240 अरब नेपाली रुपए के विकास पैकेज की घोषणा, जिसमें 56 अरब अनुदान और 184 अरब ऊर्जा परियोजनाओं के लिए लाइन ऑफ क्रेडिट
- दोनों देशों के बीच सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पारंपरिक चिकित्सा, उपग्रह संचार समेत आठ समझौतों पर हस्ताक्षर; जनकपुर-अयोध्या ट्रेन सेवा व लोअर अरुण हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट सहित कई बड़ी परियोजनाएं शुरू
समग्र समाचार सेवा
काठमांडू, 24 नवंबर: नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की दो दिवसीय भारत यात्रा को नेपाल-भारत संबंधों का ऐतिहासिक मील का पत्थर करार दिया है। त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री शाह की वापसी के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने दोनों देशों के लंबे समय के साझेदारी संबंधों को मजबूती दी है और आपसी सहयोग की नई राहें खोली हैं।
विदेश मंत्री खनाल ने भारत द्वारा घोषित 240 अरब नेपाली रुपये के विकास पैकेज को रेखांकित किया, जिसमें आपदा पुनर्निर्माण और अवसंरचना के लिए 56 अरब की अनुदान राशि, साथ ही ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 184 अरब की लाइन ऑफ क्रेडिट शामिल है।
प्रधानमंत्री शाह की यात्रा के दौरान दोनों देशों ने काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ एयर रूट को द्विदिशीय बनाने, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पारंपरिक चिकित्सा, उपग्रह संचार और शहरी विकास समेत आठ महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए। जनकपुर-अयोध्या पैसेंजर ट्रेन सेवा की शुरुआत, मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण का शुभारंभ और लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला भी इसी यात्रा में रखी गई।
दोनों प्रधानमंत्री ने ‘विकसित भारत और समुन्नत नेपाल’ नामक साझा विजन डॉक्युमेंट भी जारी किया, जिसमें कनेक्टिविटी, ऊर्जा, व्यापार, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सेवाएं, नवाचार और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में सहयोग का रोडमैप तय किया गया। 1950 की संधि समेत पुराने द्विपक्षीय समझौतों की पुनर्समीक्षा पर भी सहमति बनी।
विदेश मंत्री खनाल ने भरोसा जताया कि पीएम शाह की यात्रा दोनों देशों के बीच व्यावहारिक सहयोग, आर्थिक और राजनयिक संबंधों को नई मज़बूती देगी।