- निर्वाचन आयोग ने 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मतदाता सूचियों में गलत प्रविष्टियां सुधारने के निर्देश दिए
- नाम, जन्मतिथि जैसे डेटा में त्रुटि सुधार के लिए बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को मतदाताओं के पास जाकर जांच करने की हिदायत
- विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के दौरान एकत्रित जानकारी से चुनावी विवरणों की तुलना की जाएगी
- सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदनों की जांच व निपटारा करेंगे
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 26 नवंबर:निर्वाचन आयोग ने देश के 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मौजूदा मतदाता सूचियों में नाम, जन्मतिथि आदि विवरणों की त्रुटियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द दुरुस्त करें। आयोग ने पत्र में कहा है कि यह काम एसएसआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) प्रक्रिया के दौरान जुटाई गई जानकारी के आधार पर किया जाए।
निर्देश के अनुसार, बूथ स्तर अधिकारियों (BLO) को मतदाताओं के घर जाकर विवरण सत्यापित करने होंगे और जरूरत पड़ने पर सही भरा और दस्तखत किया हुआ फॉर्म-8 भी लेना होगा। सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी या पंजीकरण अधिकारी प्राप्त आवेदनों की विधिवत जांच व निपटारा करेंगे।
इस फैसले का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना है, ताकि आगामी चुनावों में कोई पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न हो।