बिहार चुनाव में हंगामा: डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर गोबर और पत्थर फेंके गए

लखीसराय में उपमुख्यमंत्री का काफिला घिरा, प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की; चुनाव आयोग ने हिंसा पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
  • लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर भीड़ ने गोबर और पत्थर फेंके।
  • सुरक्षा बलों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उन्हें सुरक्षित निकाला।
  • सिन्हा ने कहा, “राजद के गुंडों में अभी भी बूथ कैप्चरिंग की मानसिकता है।”
  • चुनाव आयोग ने बिहार डीजीपी को रिपोर्ट सौंपने और कार्रवाई करने के आदेश दिए।

समग्र समाचार सेवा
लखीसराय, बिहार, 6 नवंबर:बिहार विधानसभा चुनाव के बीच लखीसराय में उपमुख्यमंत्री और बीजेपी प्रत्याशी विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर गुरुवार को हमला हो गया। जानकारी के अनुसार, जब विजय सिन्हा हलसी प्रखंड के गांवों में प्रचार कर रहे थे, तभी उग्र भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने काफिले की गाड़ियों पर गोबर और पत्थर फेंके, जिससे मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए डिप्टी सीएम को सुरक्षित वाहन में बैठाया और भीड़ को पीछे हटाया। इस दौरान “मुर्दाबाद” के नारे लगाए गए और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बाद में पुलिस ने हालात काबू में कर काफिले को सुरक्षित रास्ते से बाहर निकाला।

घटना के बाद विजय कुमार सिन्हा ने कहा, “ये राजद के गुंडों की करतूत है। एनडीए की सरकार बनने के बाद इनके सीने पर बुलडोजर चलेगा। ये लोग न अच्छे यादव को वोट डालने देते हैं, न प्रत्याशियों को गांव में घुसने।” उन्होंने एसपी पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि “इतना कमजोर पुलिस प्रशासन मैंने नहीं देखा, जो उपमुख्यमंत्री को सुरक्षा तक न दे पाए।”

इससे पहले भी सिन्हा ने आरोप लगाया था कि हलसी प्रखंड के कई बूथों पर राजद कार्यकर्ताओं ने मतदान एजेंटों को धमकाया था। उन्होंने कहा था कि “राजद के कुछ लोगों में बूथ कैप्चरिंग की मानसिकता अब भी बनी हुई है, लेकिन जनता असली मालिक है और वह सही वोट डालेगी।”

घटना के बाद चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिंसा की कोई जगह नहीं है। आयोग ने बिहार के डीजीपी को रिपोर्ट सौंपने और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.