वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले के बाद ट्रंप का बड़ा दावा

बोले ट्रंप—राष्ट्रपति मादुरो को पकड़कर देश से बाहर ले जाया गया

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
  • अमेरिका के फाइटर विमानों ने वेनेजुएला की राजधानी काराकस पर हमला किया
  • 30 मिनट के भीतर एक के बाद एक कई धमाके, लोगों में दहशत
  • राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा, मादुरो और उनकी पत्नी हिरासत में
  • वेनेजुएला ने असैन्य और सैन्य ठिकानों पर हमले का आरोप लगाया

समग्र समाचार सेवा
काराकस/वॉशिंगटन | 03 जनवरी: अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव चरम पर पहुँच गया है। अमेरिकी फाइटर विमानों ने वेनेजुएला की राजधानी काराकस पर जोरदार हवाई हमला किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब 30 मिनट के भीतर एक के बाद एक कई धमाके सुनाई दिए। धमाकों के बाद कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए।

ट्रंप का दावा—मादुरो को पकड़ लिया गया

हमले के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा दावा किया। सोशल मीडिया पर जारी बयान में ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के संयुक्त अभियान में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ लिया गया है और उन्हें देश से बाहर ले जाया गया है। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि इस कार्रवाई में मादुरो की पत्नी को भी हिरासत में लिया गया है।

वेनेजुएला का पलटवार, अमेरिका पर गंभीर आरोप

वेनेजुएला सरकार ने हमले को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। सरकार का कहना है कि अमेरिका ने देश के कई राज्यों में असैन्य और सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया। वेनेजुएला ने इसे संप्रभुता का खुला उल्लंघन बताया है।

तेल भंडार और सत्ता परिवर्तन को लेकर आरोप

हमले से पहले दिए गए एक साक्षात्कार में राष्ट्रपति मादुरो ने आरोप लगाया था कि संयुक्त राज्य अमेरिका वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन के लिए दबाव बना रहा है और देश के विशाल तेल भंडार तक पहुँच चाहता है। वहीं, वेनेजुएला ने यह भी कहा था कि वह मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए अमेरिका के साथ बातचीत को तैयार है।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.