ट्रेन टिकट बुकिंग में बड़ा बदलाव, पहले दिन 8 घंटे सिर्फ आम यात्रियों के लिए

IRCTC का नया नियम लागू: आधार लिंक यूजर्स को 60 दिन पहले टिकट बुकिंग का पहला अधिकार, 8 घंटे की एक्सक्लूसिव विंडो शुरू

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
  • पहले दिन एजेंट टिकट बुक नहीं कर पाएंगे
  • ओटीपी वेरिफिकेशन से होगी ऑनलाइन और काउंटर दोनों बुकिंग
  • नया नियम सिर्फ जनरल कोटे की रिजर्व टिकट बुकिंग पर लागू

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली | 06 जनवरी: रेलवे टिकट बुकिंग को पारदर्शी और आम यात्रियों के लिए आसान बनाने के उद्देश्य से आईआरसीटीसी ने आज से नया नियम लागू कर दिया है। इसके तहत आधार कार्ड से लिंक आईआरसीटीसी यूजर्स को किसी ट्रेन की 60 दिन पहले खुलने वाली एडवांस बुकिंग के पहले दिन प्राथमिकता दी जा रही है।

पहले दिन 8 घंटे की एक्सक्लूसिव विंडो

नए नियम के तहत 5 जनवरी से यह व्यवस्था लागू हो चुकी है। इसके अनुसार अब आधार लिंक यूजर्स को ही सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक (8 घंटे) ऑनलाइन टिकट बुकिंग की अनुमति दी जा रही है। इस अवधि के दौरान न तो एजेंट और न ही बिना आधार लिंक आईडी वाले यूजर्स टिकट बुक कर पा रहे हैं।

तीन चरणों में लागू हुआ नियम

रेलवे ने इस व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से लागू किया है—

  • 29 दिसंबर से: सुबह 8 से 12 बजे तक सिर्फ आधार लिंक यूजर्स को अनुमति
  • 5 जनवरी से: सुबह 8 से शाम 4 बजे तक (8 घंटे) बुकिंग
  • 12 जनवरी से: सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक आधार लिंक यूजर्स ही टिकट बुक कर सकेंगे
  • दलालों पर लगेगी लगाम

रेलवे को लंबे समय से ऑनलाइन टिकटों में हेराफेरी और सॉफ्टवेयर के जरिए बड़े पैमाने पर एडवांस बुकिंग की शिकायतें मिल रही थीं। त्योहारों और शादी-ब्याह के सीजन में टिकट मिनटों में फुल हो जाने की समस्या को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि आम यात्रियों को बराबर मौका मिल सके।

ओटीपी से होगी टिकट बुकिंग

अब ट्रेन टिकट बुकिंग के दौरान यात्रियों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद ही टिकट कन्फर्म होगी। यह नियम ऑनलाइन और काउंटर, दोनों तरह की बुकिंग पर लागू रहेगा।

बिना आधार लिंक आईडी वालों के लिए क्या नियम

अगर किसी यात्री का आईआरसीटीसी अकाउंट आधार से लिंक नहीं है, तो वह 60 दिन पहले टिकट बुकिंग शुरू होने के पहले दिन तय 8 घंटे की विंडो में टिकट बुक नहीं कर सकेगा। ऐसे यात्रियों को आधार लिंक कराना जरूरी होगा।

काउंटर टिकट बुकिंग में भी बदलाव

रेलवे स्टेशन या अधिकृत काउंटर से टिकट लेते समय भी यात्री के आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। ओटीपी के बिना टिकट जारी नहीं होगा, चाहे टिकट स्वयं यात्री ले रहा हो या कोई परिजन।

ऐसे करें आईआरसीटीसी यूजर आईडी को आधार से लिंक
  • आईआरसीटीसी ऐप या वेबसाइट पर लॉगइन करें
  • माय प्रो-फाइल सेक्शन में जाएँ
  • आधार केवाईसी विकल्प चुनें
  • मोबाइल नंबर और जरूरी विवरण भरें
  • ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद केवाईसी पूरी करें
क्या-क्या टिकटों पर लागू है नियम

यह नया प्रावधान सिर्फ जनरल कोटे की रिजर्व टिकट बुकिंग के लिए लागू किया गया है।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.