भारत-ऑस्ट्रेलिया खेल सहयोग रोडमैप

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
  • क्षमता निर्माण और कोचिंग आदान-प्रदान कार्यक्रम
  • खेल विज्ञान अनुसंधान, डोपिंग नियंत्रण में सहयोग
  • महिला खेल भागीदारी और नेतृत्व पर जोर
  • खेल उद्योग, निवेश मंच, प्रमुख आयोजनों की संयुक्त मेजबानी

समग्र समाचार सेवा

 नई दिल्ली, 10 जुलाई :भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल संबंधों को एक नया आयाम देते हुए दोनों देशों ने खेल सहयोग के लिए व्यावहारिक और भविष्य-केंद्रित रोडमैप तैयार किया है। वर्ष 2023 के खेल सहयोग समझौते के अनुरूप यह रोडमैप अगले दशक में दोनों देशों के खेल संबंधों को मजबूत करने के लिए साझा प्राथमिकताओं, संसाधनों और क्षमताओं के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों में लक्षित सहयोग की रूपरेखा प्रस्तुत करता है।

इस रोडमैप के तहत क्षमता निर्माण पर विशेष जोर दिया गया है। इसमें भारत में उच्च प्रदर्शन खेल केंद्रों की स्थापना, पैरा खेलों के लिए ऑस्ट्रेलियाई विशेषज्ञता को साझा करना, कोचिंग आदान-प्रदान कार्यक्रम तथा शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में संयुक्त प्रयास शामिल हैं। योग और योगासन को भी साझेदारी के एक महत्त्वपूर्ण हिस्से के रूप में मान्यता दी गई है।

खेल विज्ञान और प्रौद्योगिकी अनुसंधान में भारत-ऑस्ट्रेलिया के विश्वविद्यालयों के बीच संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, प्रदर्शन विश्लेषण, चोट की रोकथाम, खेल विज्ञान पाठ्यक्रम का सह-विकास और डोपिंग नियंत्रण में सहयोग को प्राथमिकता दी गई है।

प्रमुख खेल आयोजनों जैसे 2030 राष्ट्रमंडल खेल, 2032 ओलंपिक और पैरालंपिक, तथा भारत में पहली बार होने वाले बीबीएल क्रिकेट मैच, दोनों देशों के लिए नए अवसर लेकर आएंगे। प्रदर्शनी मैचों, युवा आयोजनों और साझा सुविधा नेटवर्क के जरिए सहभागिता को बढ़ाने की योजना है।

महिला भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए महिला नेतृत्व, स्वास्थ्य, उच्च प्रदर्शन तथा द्विपक्षीय टूर्नामेंट की संयुक्त पहल शुरू की जाएगी, जिससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक समावेश को बढ़ावा मिलेगा।

इस सहयोग के तहत खेल उद्योग और निवेश मंच के क्षेत्र में भी दोनों देशों के बीच साझेदारी को बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

Leave A Reply

Your email address will not be published.