संसद सत्र: 30 नवंबर से फिर शुरू होगी लोकसभा, 2 दिसंबर से राज्यसभा
3 दिसंबर तक चल सकती हैं आवश्यक बैठकें
- लोकसभा 30 नवंबर से और राज्यसभा 2 दिसंबर से दोबारा शुरू, सरकारी कामकाज के लिए विशेष बैठकें
- प्रश्नकाल, शून्यकाल और गैर-सरकारी सदस्यों का काम नहीं होगा, कारोबारी कार्यों के अनुरूप 3 दिसंबर तक चलेंगी बैठकें
- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला व राज्यसभा सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने बैठकें फिर बुलाने के निर्देश दिए
- मानसून सत्र के अनिश्चितकाल स्थगन के बावजूद सत्रावसान अब तक औपचारिक नहीं
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 27 नवंबर:लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही एक बार फिर शुरू होने जा रही है। लोकसभा की बैठकें 30 नवंबर से जबकि राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से आवश्यक सरकारी कामकाज के लिए फिर से बुलायी गई हैं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने निर्देश दिया है कि 13 अगस्त 2026 को अनिश्चितकाल तक स्थगित की गई लोकसभा की बैठक अब सोमवार सुबह 11 बजे फिर शुरू होगी। उधर, राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन के निर्देश पर उच्च सदन की बैठकें बुधवार से शुरू होंगी।
सरकार ने आवश्यक सरकारी कार्य निपटाने के लिए दोनों सदनों की बैठकें दोबारा बुलाने का अनुरोध किया था। अनुमान है कि दोनों सदनों का कामकाज 3 दिसंबर तक पूरा होने के बाद सत्रावसान हो सकता है।
बैठकों के दौरान प्रश्नकाल, शून्यकाल और गैर-सरकारी सदस्य के कामकाज को शामिल नहीं किया जाएगा।
गौर करने वाली बात है कि 13 अगस्त को संसदीय कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बावजूद मानसून सत्र औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किया गया था।