फर्जी गन लाइसेंस घोटाले के मामले में सीबीआई ने जम्मू-कश्मीर, दिल्ली और मध्य प्रदेश में 40 जगहों पर की छापेमारी

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर। सीबीआई ने तलाशी अभियान चलाकर जम्मू-कश्मीर, दिल्ली और मध्य प्रदेश सहित 40 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की है। इस तलाशी अभियान के तहत मंगलवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने उपराज्यपाल के पूर्व सलाहकार बशीर खान के घर पर छापेमारी की। जानकारी के अनुसार बशीर अहमद खान के साथ-साथ अन्य नौकरशाहों/प्रशासकों के परिसरों पर छापेमारी चल रही है।दरअसल ये छापेमारी फर्जी गन लाइसेंस घोटाले के मामले में की जा रही है।बशीर खान मार्च 2020 से उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू और उनके उत्तराधिकारी मनोज सिन्हा के सलाहकार थे।

तीन महीने पहले भी जम्मू-कश्मीर में तलाशी अभियान में और 2 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को भी जांच के दायरे में लिया गया था। इन अधिकारियों में शाहिद इकबाल चौधरी और नीरज कुमार शामिल हैं। दोनों आईएएस अधिकारियों पर 2 लाख फर्जी बंदूक लाइसेंस के मामले में शामिल होने का आरोप था।

सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक बंदूक लाइसेंस जारी करने के मामले में जम्मू-कश्मीर देश में शीर्ष पर है। पूरे देश की तुलना में वर्ष 2018 से 2020 तक राज्य में सबसे अधिक लाइसेंस जारी किए गए। आंकड़ों के मुताबिक पिछले दो साल में देशभर में 22,805 लाइसेंस जारी किए गए, जिनमें से करीब 18,000 अकेले जम्मू-कश्मीर में जारी किए गए। यानी पूरे देश के 81 फीसदी लाइसेंस कश्मीर से ही जारी किए गए थे. कहा जा रहा है कि यह अब भारत के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा गन रैकेट है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.