समग्र समाचार सेवा
नोएडा/ग्रेटर नोएडा, 11 मार्च। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अहम जिलों में शुमार गौतमबुद्धगर, गाजियाबाद और हापुड़ में सभी 11 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने बाजी मारी है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी सीट साहिबाबाद पर भाजपा ने रिकार्ड 2 लाख से अधिक वोट पाकर देशभर में इतिहास रच दिया, जबकि दूसरा रिकार्ड नोएडा सीट पर पंकज सिंह ने रचा। दोनों ही अपनी-अपनी सीट पर रिकार्ड मतों से जीते हैं। वहीं, इन सीटों पर बहुजन समाज पार्टी की हालत बहुत बुरी रही। ज्यादातर सीटों पर वह तीसरे स्थान पर ही रही और अधिकतर प्रत्याशियों की जमानत भी नहीं बची।
मायावती अपने गृह जिले भी बुरी तरह हारी
कुलमिलाकर बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती अपने गृह जिले भी बुरी तरह हारी हैं। उनकी कुछ इज्जत जेवर सीट पर बची जहां पर बसपा प्रत्याशी रविंद्र ने भाजपा के विजेता ठाकुर धीरेंद्र सिंह को कुछ टक्कर दी। बावजूद इसके वह यहां पर रविंद्र तीसरे स्थान पर रहे। कुल मिलाकर अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों ने दूसरे स्थान पर रहने के साथ भाजपा उम्मीदवारों को टक्कर देने का प्रयास किया, लेकिन बसपा पूरी तरह से नदारद रही।
नोएडा सीट पर बसपा प्रत्याशी की जमानत जब्त
यहां तक कि नोएडा सीट पर बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार कृपा राम शर्मा जमानत तक नहीं बचा पाए। सपा मुखिया अखिलेश यादव के लिए राहत की बात यह है कि नोएडा, दादरी और जेवर तीनों सीटों पर प्रत्याशियों ने अच्छी टक्कर दी। दादरी और जेवर में तो ठीकठाक मत भी मिले हैं, तो नोएडा में भी सुनील चौधरी ने तीसरा स्थान हासिल की है।
नोएडा, दादरी और जेवर पर बुरी तरह हारी बसपा, दूसरे स्थान पर सपा-रालोद प्रत्याशी
नोएडा सीट से भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह को 2,44,319 मत मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा रालोद गठबंधन प्रत्याशी सुनील चौधरी को 62,806 मत मिले। दादरी सीट पर भाजपा प्रत्याशी तेजपाल नागर को 2,18,068 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजकुमार भाटी को 79,850 मत मिले। वहीं जेवर से भाजपा प्रत्याशी धीरेंद्र सिंह को 1,17,205 मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी रालोद सपा गठबंधन प्रत्याशी अवतार सिंह भड़ाना को 60890 मत मिले।
सपा की साइकिल जिले में इस बार भी नहीं दौड़ सकी
गौरतलब है कि गौतमबुद्ध नगर की नोएडा, दादरी व जेवर विधानसभा सीट एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी ने फतह की है। सपा की साइकिल जिले में इस बार भी नहीं दौड़ सकी। तीनों सीट पर भाजपा व सपा रालोद गठबंधन के बीच सीधी टक्कर थी। बसपा और कांग्रेस प्रत्याशी काफी पीछे रहे। सम्राट मिहिर भोज प्रतिमा अनावरण प्रकरण के उपजे विरोध को दरकिनार करते हुए भाजपा प्रत्याशियों ने रिकार्ड मतों से जीत दर्ज की है। नोएडा फेज दो स्थित फूलमंडी में कड़ी सुरक्षा के बीच हुई मतगणना के बीच पहले चक्र से ही भाजपा प्रत्याशियों ने बढ़त बना ली थी, जो अंतिम चक्र तक कायम रही। तीनों सीट पर जीत तय होते ही भाजपा कार्यकर्ता ढोल नगाड़ों के बीच अबीर गुलाल उड़ाकर जीत का जश्न मनाने लगे।
दादरी में भी भाजपा शुरुआत से आगे रही
सम्राट मिहिर भोज प्रतिमा प्रकरण के बावजूद दादरी में भी भाजपा शुरुआत से आगे रही। तीनों सीट पर हर चक्र के साथ भाजपा व सपा रालोद गठबंधन के प्रत्याशियों के बीच वोट का अंतर बढ़ता गया। जेवर के मतों की गिनती तीस, नोएडा के 38 व दादरी के मतों की गिनती 34 चक्र में हुई। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के पांच फीसद बूथ की ईवीएम के साथ वीवीपैट की पर्ची की भी गिनती की गई। जैसे-जैसे मतों का अंतर बढ़ता गया। मतगणना स्थल पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं के चेहरे का रंग बदलता रहा। मतगणना की पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक हजार पुलिस जवान तैनात किए गए थे। मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई।