समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 4 अप्रैल। दिल्ली के बुराड़ी मैदान में रविवार को आयोजित एक हिन्दू महापंचायत में दिए गए कथित विवादित बयानों के मामले में दिल्ली पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज की हैं और कहा है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पहली एफआईआर पुलिस की अनुमति के बिना कार्यक्रम आयोजित करने के लिए दर्ज की गई है। पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजक (सेव इंडिया फाउंडेशन के संस्थापक प्रीत सिंह) के खिलाफ यह एफआईआर दर्ज की है।
पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार हुआ
वहीं, दूसरी एफआईआर कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ दर्ज की गई है और तीसरी एफआईआर सोशल मीडिया पर गलत सूचना (अभद्र भाषा) फैलाने के लिए दर्ज की गई है।
दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में क्या कहा
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि हिन्दू महापंचायत सभा के आयोजन की अनुमति मांगने के लिए एक अनुरोध पत्र उत्तर-पश्चिम जिले में आयोजक प्रीत सिंह, अध्यक्ष, सेव इंडिया फाउंडेशन, मंगोलपुरी, दिल्ली से प्राप्त हुआ था। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस द्वारा अनुरोध को इस आधार पर अस्वीकार कर दिया गया था कि आयोजक बुराड़ी ग्राउंड में इस सभा के आयोजन के लिए भू-स्वामी एजेंसी यानी डीडीए से कोई अनुमति नहीं थी।
अनुमति न होने के बावजूद लगभग 800 लोगों ने भाग लिया
पुलिस ने कहा कि महापंचायत के आयोजक प्रीत सिंह ने हिन्दू महापंचायत सभा की शुरुआत की, जिसमें अनुमति न होने के बावजूद लगभग 800 लोगों ने भाग लिया। पुलिस ने अपने बयान में कहा कि डासना देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद सरस्वती और एक समाचार चैनल के एडिटर इन चीफ सुरेश च्वहाण सहित कुछ वक्ताओं ने दो समुदायों के बीच वैमनस्य, दुश्मनी, नफरत या दुर्भावना को बढ़ावा देने वाले बयान दिए। इस संबंध में थाना मुखर्जी नगर में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
दो पत्रकारों की ओर से पुलिस को मिली शिकायत
पुलिस ने कहा कि एक न्यूज पोर्टल के दो पत्रकारों की ओर से थाना मुखर्जी नगर में एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जो हिंदू महापंचायत सभा के आयोजन की रिपोर्टिंग करने के लिए बुराड़ी ग्राउंड आए थे। उन्होंने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि 3 अप्रैल को दोपहर लगभग 1.30 बजे, जब वे बाहर निकलने की ओर बढ़ रहे थे, वहां मौजूद लोगों के एक समूह ने उनके साथ हाथापाई की और मारपीट की, जिन्होंने पत्रकारों के मोबाइल फोन और आई-कार्ड भी छीनने की कोशिश की।