ईडी की संपत्ति कुर्की पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला
अंतिम पुष्टि के लिए पीठ में न्यायिक सदस्य जरूरी
- सुप्रीम कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की संपत्ति कुर्की प्रक्रिया में न्यायिक सदस्य की मौजूदगी अनिवार्य की
- मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में अंतिम सुनवाई और आदेश के वक्त पीठ में न्यायिक अनुभव वाला सदस्य होना जरूरी
- कोर्ट ने स्पष्ट किया—सिर्फ कारण बताओ नोटिस के लिए न्यायिक सदस्य अनिवार्य नहीं; अनिवार्यता अंतिम आदेश तक सीमित
- PMLA की धारा 8 के तहत संपत्ति कुर्की पर निष्पक्ष और कानूनी जांच के लिए न्यायिक योग्यता होना आवश्यक
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 26 नवंबर:
सुप्रीम कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया को लेकर बड़ा फैसला दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी संपत्ति की कुर्की की अंतिम पुष्टि करने वाली पीठ में न्यायिक सदस्य का होना अनिवार्य है। सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने यह फैसला सुनाया। कोर्ट ने कहा कि PMLA (धन शोधन निवारण अधिनियम) की धारा 8 के तहत संपत्ति की कुर्की से जुड़े आदेश व्यक्ति के संवैधानिक अधिकारों को सीधे प्रभावित करते हैं, इसलिए निष्पक्ष न्यायिक दृष्टिकोण जरूरी है।
कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि पीठ के चेयरपर्सन का न्यायिक सदस्य होना जरूरी नहीं, लेकिन अंतिम आदेश देने वाले पैनल में कम-से-कम एक न्यायिक सदस्य अवश्य हो। प्रशासनिक एवं वित्तीय विशेषज्ञ समिति में हो सकते हैं, लेकिन निष्पक्ष कानूनी प्रक्रिया और साक्ष्य मूल्यांकन के लिए न्यायिक योग्यता अनिवार्य मानी गई है।
कोर्ट ने प्राधिकरण प्रमुख को सर्कुलर जारी करने, पीठ गठन की व्यवस्था पूर्ववत रखने और दिल्ली तथा तेलंगाना हाईकोर्ट के पुराने फैसलों का भी संज्ञान लिया। यह फैसला मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में निष्पक्ष न्याय प्रक्रिया व संपत्ति संरक्षण के कानूनी उपायों में बड़ा बदलाव माने जा रहा है।