जन सुराज ने भोरे सीट से समाजसेवी प्रीति किन्नर को दिया टिकट, कोरोना काल की सेवा से पाई पहचान
जन सुराज पार्टी ने गोपालगंज जिले की भोरे विधानसभा सीट से प्रीति किन्नर को उम्मीदवार बनाया।
-
कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने भोजन और राशन जरूरतमंदों तक पहुंचाकर पाई थी पहचान।
-
2008 से सामाजिक कार्यों में सक्रिय, कई गरीब लड़कियों की शादियां भी करवाईं।
-
मौजूदा विधायक सुनील कुमार (शिक्षा मंत्री) के सामने होगी सीधी टक्कर।
समग्र समाचार सेवा
पटना | 10 अक्टूबर: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों के बीच प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने अपने 51 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में सबसे चर्चित नाम है प्रीति किन्नर, जिन्हें गोपालगंज जिले की भोरे विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है।
41 वर्षीय प्रीति किन्नर 2008 से समाजसेवा में सक्रिय हैं और आम लोगों के बीच सेवा और समर्पण की प्रतीक मानी जाती हैं। कोरोना महामारी के कठिन समय में उन्होंने अपने पैसों और क्राउड फंडिंग की मदद से सैकड़ों परिवारों तक भोजन और राशन पहुंचाया था। उनकी इसी पहल ने उन्हें स्थानीय स्तर पर बड़ी पहचान दिलाई।
प्रीति इससे पहले भी कई सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही हैं — खासकर गरीब लड़कियों की शादियां करवाने और जरूरतमंद परिवारों की आर्थिक मदद करने में। उनकी इसी सेवा भावना को देखते हुए जन सुराज ने उन्हें पार्टी में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
प्रीति किन्नर पहले निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही थीं। इस साल उन्होंने जन सुराज का दामन थामा और अब उन्हें पार्टी ने आधिकारिक रूप से उम्मीदवार घोषित कर दिया है।
वर्तमान में भोरे सीट से सुनील कुमार विधायक हैं, जो बिहार सरकार में शिक्षा मंत्री हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस सीट पर मात्र 13 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं, जबकि पूरे गोपालगंज जिले में इनकी संख्या केवल 67 है।
- प्रीति से पहले इसी जिले की हथुआ सीट से पिछले विधानसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) ने रामदर्शन प्रसाद उर्फ मुन्ना किन्नर को उम्मीदवार बनाया था, जिन्हें 9894 वोट मिले थे। उनके राजनीति में आने के बाद से ट्रांसजेंडर समुदाय में राजनीतिक भागीदारी की रुचि बढ़ी है।
अब जन सुराज से प्रीति किन्नर की उम्मीदवारी को उस बदलाव की अगली कड़ी माना जा रहा है, जो राजनीति में समावेशिता और समान प्रतिनिधित्व की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।