‘शारीरिक संबंध बनाओ और नौकरी पाओ’
दिसपुर से युवक सहित दो युवतियाँ गिरफ्तार; व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों से संपर्क, छात्राओं को बनाया जा रहा था निशाना
- गुवाहाटी पढ़ने आई छात्राओं को दिया जा रहा था नौकरी का ऑफर
- नौकरी के नाम पर युवतियों के साथ चल रहा था खौफनाक कारनामा
- पीड़ित युवतियों का जबरन गर्भपात कराने का आरोप
- पुलिस के जाल में अभिरंजन दास सहित दो युवतियाँ गिरफ्तार
- गिरफ्तार युवतियाँ—प्रियंका राय और मीनाक्षी राय
समग्र समाचार सेवा,
गुवाहाटी, २१ अप्रैल: गुवाहाटी में पढ़ाई के लिए आने वाली छात्राओं को नौकरी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करने वाले एक सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने अभिरंजन दास नामक युवक सहित दो युवतियों—प्रियंका राय और मीनाक्षी राय—को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपियों का एक संगठित गिरोह नौकरी दिलाने का लालच देकर छात्राओं को अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद उन्हें ग्राहकों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया जाता था। मामले में यह भी आरोप सामने आया है कि कुछ पीड़ित युवतियों का जबरन गर्भपात भी कराया गया। यह खुलासा सामने आने के बाद इलाके में भारी सनसनी फैल गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार प्रियंका राय, अभिरंजन दास की प्रेमिका है, जबकि मीनाक्षी राय उसकी पत्नी बताई जा रही है। दोनों युवतियाँ व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों से संपर्क स्थापित करती थीं और इस पूरे नेटवर्क को संचालित करने में सक्रिय भूमिका निभाती थीं।
दिसपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इस अवैध गतिविधि में शामिल युवतियों को अभिरंजन दास हर महीने 31 हजार से 35 हजार रुपये तक भुगतान करता था।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है। इस घटना ने शहर में पढ़ाई के लिए आने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।