पंचायती फैसले का सम्मान: निखिल शर्मा का सादगीपूर्ण विवाह
बिना दहेज, दिन के फेरे और सीमित पारिवारिक उपस्थिति के साथ जयपुर के शिव मंदिर में संपन्न हुआ विवाह समारोह
- समाज की पंचायत के निर्णय का सम्मान करते हुए सादगीपूर्ण विवाह का आयोजन
- पूर्व मंत्री शिवचरण लाल शर्मा के पौत्र और पूर्व विधायक नीरज शर्मा के पुत्र निखिल शर्मा का विवाह
- बिहार निवासी अंकिता ठाकुर के साथ जयपुर में दिन के समय शिव मंदिर में संपन्न हुए फेरे
- समारोह में केवल दोनों परिवारों के सदस्य ही रहे उपस्थित
- दहेज प्रथा और अनावश्यक खर्चों के खिलाफ दिया सकारात्मक संदेश
समग्र समाचार सेवा
फरीदाबाद, २२ अप्रैल: फरीदाबाद में समाज की पंचायत द्वारा लिए गए सादगीपूर्ण विवाह के फैसलों का पालन करते हुए एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। पूर्व मंत्री शिवचरण लाल शर्मा के पौत्र और पूर्व विधायक नीरज शर्मा के पुत्र निखिल शर्मा का विवाह बिहार निवासी अंकिता ठाकुर के साथ बेहद सादगी से संपन्न हुआ। यह विवाह जयपुर में आयोजित किया गया, जिसमें केवल दोनों परिवारों के सदस्य ही शामिल हुए।
विवाह समारोह पूरी तरह आडंबर रहित रहा। इसमें न तो किसी प्रकार का दिखावा किया गया और न ही सामाजिक शक्ति प्रदर्शन का कोई प्रयास दिखाई दिया। समाज के बीच सादगीपूर्ण विवाह की परंपरा को बढ़ावा देने की दिशा में यह कदम एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।
इस संबंध में पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि लगभग एक माह पूर्व जिला ब्राह्मण सभा की बैठक में जिला अध्यक्ष ब्रजमोहन बातिश की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया था। बैठक में यह तय किया गया कि समाज में शादियों के दौरान होने वाले अनावश्यक खर्च और आडंबर को रोकने के लिए बिना दहेज तथा दिन के समय फेरे करवाने की परंपरा को बढ़ावा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय का उद्देश्य समाज के उन परिवारों को राहत देना है, जो सामाजिक प्रभाव और दिखावे की होड़ में अपनी आर्थिक क्षमता से अधिक खर्च कर देते हैं और बाद में आर्थिक बोझ का सामना करते हैं।
नीरज शर्मा ने यह भी बताया कि इसी सामाजिक निर्णय का सम्मान करते हुए उनके पुत्र का विवाह जयपुर स्थित एक शिव मंदिर में दिन के समय बेहद सादगी के साथ संपन्न कराया गया। इस विवाह ने समाज में एक सकारात्मक संदेश देने का कार्य किया है और अन्य परिवारों के लिए भी प्रेरणा का उदाहरण प्रस्तुत किया है।