भाजपा ने स्वीकार किया के. अन्नामलाई का इस्तीफा, जल्द कर सकते हैं नए राजनीतिक आंदोलन की घोषणा
समग्र समाचार सेवा
चेन्नई, ५जून: चेन्नई तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिए गए इस्तीफे को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया है। इस निर्णय के बाद राज्य की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई द्वारा प्रस्तुत इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है। यह घटनाक्रम उस समय सामने आया है जब अन्नामलाई ने 2 जून को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बी एल संतोष मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा था।
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार अन्नामलाई जल्द ही एक नए राजनीतिक आंदोलन की घोषणा कर सकते हैं। उन्होंने गुरुवार को संकेत दिया था कि वह अपने भविष्य की राजनीतिक दिशा को लेकर शुक्रवार दोपहर सोशल मीडिया के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारी साझा करेंगे।
पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई ने अगस्त 2020 में भाजपा का दामन थामा था। इसके बाद उन्हें जुलाई 2021 में तमिलनाडु भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उन्होंने अप्रैल 2025 तक इस पद की जिम्मेदारी निभाई। बाद में उनकी जगह नैनार नागेंद्रन को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।
राजनीतिक रूप से सक्रिय अन्नामलाई ने 2021 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अरावाकुरिची सीट से तथा 2024 के लोकसभा चुनाव में कोयंबटूर सीट से चुनाव लड़ा था, हालांकि दोनों चुनावों में उन्हें सफलता नहीं मिली। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाग नहीं लिया था।
अन्नामलाई के इस्तीफे और संभावित नए राजनीतिक मंच की घोषणा को तमिलनाडु की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि वह नया संगठन या आंदोलन शुरू करते हैं तो इसका प्रभाव राज्य की मौजूदा राजनीतिक संरचना पर पड़ सकता है। अब सभी की नजरें उनके अगले कदम और संभावित राजनीतिक घोषणा पर टिकी हुई हैं।