NUJ के अध्यक्ष बने वरिष्ठ पत्रकार

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
  • वरिष्ठ पत्रकार अनिल पांडेय को एनयूजे स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
  • जनसत्ता के संवाददाता प्रियरंजन महासचिव चुने गए।
  • आगरा में आयोजित आमसभा में गवर्निंग काउंसिल का गठन।
  • संस्था का नया संविधान औपचारिक रूप से अंगीकृत।
  • पत्रकारों के प्रशिक्षण हेतु दिल्ली में जल्द आयोजित होगी विशेष कार्यशाला।
  • आगरा की आमसभा में हुई महत्वपूर्ण घोषणा

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली/आगरा,१० जून : इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (आईएफजे) से संबद्ध नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) [एनयूजे (आई)] द्वारा स्थापित एनयूजे स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन के अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ पत्रकार अनिल पांडेय को नियुक्त किया गया है। वहीं, जनसत्ता के संवाददाता प्रियरंजन को संस्था का महासचिव चुना गया है।

इस संबंध में घोषणा आगरा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के जयप्रकाश नारायण सभागार में आयोजित आमसभा के दौरान की गई, जहां संस्था के पदाधिकारियों एवं गवर्निंग काउंसिल का गठन किया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने की पदाधिकारियों की घोषणा
एनयूजे (आई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने आमसभा को संबोधित करते हुए स्कूल के नए संविधान की जानकारी दी और नवगठित पदाधिकारियों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि गवर्निंग काउंसिल में भीष्म सिंह (जमशेदपुर) और अनीता चौधरी (दिल्ली) को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा आलोक मोहन नायक को कोषाध्यक्ष तथा गौरव ललित (दिल्ली), विपुल कुमार (हरियाणा), भंवर सिंह (राजस्थान) और राहुल वर्मा (उत्तराखंड) को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नया संविधान हुआ अंगीकृत
बैठक में बताया गया कि एनयूजे स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन का नया संविधान औपचारिक रूप से अंगीकृत कर लिया गया है। यह निर्णय 13 सितंबर 2025 को आयोजित कार्यकारी बैठक में लिया गया था।
नए संविधान के निर्माण में हरिद्वार में आयोजित एनयूजे (आई) अधिवेशन के दौरान गठित समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति में अनिल पांडेय, दधिबल यादव, मनोज वर्मा, राकेश थपलियाल और अमलेश राजू सहित अन्य सदस्य शामिल थे।

11 सदस्यीय कार्यकारिणी का प्रावधान
नए संविधान के अनुसार संस्था में एक अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष, एक महासचिव, एक कोषाध्यक्ष, चार संयुक्त/सह सचिव तथा 11 सदस्यीय कार्यकारिणी का प्रावधान किया गया है।
गवर्निंग काउंसिल के अन्य सदस्यों में रास बिहारी, प्रदीप तिवारी, राकेश थपलियाल, उषा पहवा, दधिबल यादव, प्रतिभा शुक्ल, सचिन बुधौलिया, डॉ. उमेश पाठक, डॉ. ऋतु दुबे, प्रमोद गोस्वामी (उत्तर प्रदेश) तथा राकेश कुमार सिंह (बिहार) शामिल हैं।

पत्रकारों को आधुनिक मीडिया का प्रशिक्षण देने का उद्देश्य
गौरतलब है कि एनयूजे स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन की स्थापना पत्रकारों को आधुनिक तकनीक, डिजिटल मीडिया और मीडिया जगत में हो रहे निरंतर परिवर्तनों की जानकारी एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी।

संस्था देशभर में समय-समय पर कार्यशालाओं, प्रशिक्षण शिविरों और मीडिया उन्नयन कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है। इसी क्रम में पत्रकारों के कौशल विकास के लिए जल्द ही दिल्ली में एक विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

Leave A Reply

Your email address will not be published.