- फ्रांस में 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर पूर्ण प्रतिबंध
- सितंबर 2026 से नए अकाउंट खोलने पर उम्र सत्यापन जरूरी, जनवरी 2027 से पुराने अकाउंट्स पर भी यह नियम
- हर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को फ्रेंच प्राइवेसी रेगुलेटर द्वारा अनुमोदित उम्र सत्यापन टूल्स का इस्तेमाल करना होगा
- आलोचक बोले—प्राइवेसी और तकनीकी व्यावहारिकता पर सवाल, सरकार ने सुरक्षा व प्रभावी टूल्स का दावा किया
समग्र समाचार सेवा
पेरिस : 23 जुलाई: फ्रांस संसद ने ऐतिहासिक कानून पारित कर 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर रोक लगाने का फैसला लिया है। यह नियम जनवरी 2027 से लागू होगा और फ्रांस ऐसा करने वाला पहला यूरोपीय देश बन गया है। अब सोशल मीडिया इस्तेमाल के लिए हर व्यक्ति को उम्र का प्रमाण देना अनिवार्य होगा।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों ने इस कदम का स्वागत किया है। सरकार के अनुसार, बच्चों की मानसिक सेहत की सुरक्षा के लिए यह निर्णय आवश्यक था। हालांकि, कुछ विशेषज्ञों ने चिंता जताई है कि बच्चे प्रतिबंध के बावजूद प्लेटफॉर्म्स तक पहुंच सकते हैं या कम सुरक्षित ऑनलाइन स्पेस में चले जाएंगे।
ऑस्ट्रेलिया ने भी हाल ही में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर बैन लगाया था, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार वहां के 10 में से 7 बच्चे अब भी किसी न किसी रूप में सोशल मीडिया इस्तेमाल कर रहे हैं।
यूरोप के कई देश सोशल मीडिया पर उम्र सीमा लागू करने के लिए नए कानून पर विचार कर रहे हैं। ब्रिटेन जनवरी 2027 से 16 साल से कम उम्र के लिए सोशल मीडिया बैन और 16-17 वर्ष के लिए मिडनाइट कर्फ्यू लागू करेगा।