UPI पर सियासी अफवाहों के बीच सच्चाई: कांग्रेस का विरोध और सरकार की डिजिटल क्रांति

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
पूनम शर्मा
यु पी आई: देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था की रीढ़ 

भारत में यु पी आई (UPI) आज हर आम आदमी की रोज़मर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। चाहे सब्ज़ी वाले से खरीदारी हो या ऑनलाइन शॉपिंग, हर जगह यु पी आई ने नकद लेन-देन की झंझट को खत्म कर दिया है। 2016 में शुरू हुए यु पी आई ने कुछ ही वर्षों में देश में डिजिटल पेमेंट्स को क्रांतिकारी रूप से बदल दिया है। आज भारत में औसतन 66 करोड़ यु पी आई ट्रांजेक्शन हर दिन होते हैं। यह संख्या न केवल भारत के डिजिटल सामर्थ्य को दर्शाती है, बल्कि यह भी बताती है कि देश किस तेजी से कैशलेस इकॉनमी की ओर बढ़ रहा है।

यु पी आई ट्रांजेक्शन पर नया नियम: क्या है असलियत ?

हाल ही में सरकार की ओर से यु पी आई ट्रांजेक्शन पर Merchant Discount Rate (MDR) को लेकर नए नियम जारी किए गए, जिसके बाद कांग्रेस और खासतौर पर राहुल गांधी ने इसे लेकर अफवाहों का बाजार गर्म कर दिया। सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक मंचों पर यह फैलाया गया कि अब हर यु पी आई पेमेंट पर चार्ज देना पड़ेगा। लेकिन सच्चाई यह है कि व्यक्तिगत लेनदेन—जैसे अपने दोस्त, रिश्तेदार या किसी भी व्यक्ति को पैसे भेजना—अब भी पूरी तरह से मुफ्त है और इस पर कोई शुल्क नहीं लगेगा।

सरकार ने साफ किया है कि ₹2000 तक का कोई भी ट्रांजेक्शन पूरी तरह मुफ्त है, चाहे वह किसी भी किस्म का हो। अगर कोई ग्राहक किसी मर्चेंट को यु पी आई से पेमेंट करता है और वह ट्रांजेक्शन ₹2000 से अधिक का है, तभी 0.4% MDR लागू होगा, और वह भी ग्राहक पर नहीं, बल्कि दुकानदार या व्यापारी पर। इतना ही नहीं, अधिकतम चार्ज ₹300 तक ही सीमित रहेगा। छोटे दुकानदारों के लिए भी राहत दी गई है—अगर किसी छोटे व्यापारी का कुल मासिक लेनदेन ₹1 लाख तक है, तो उस पर कोई MDR नहीं लगेगा।

रेलवे, टेलीकॉम, इंश्योरेंस, फ्यूल, एग्रीकल्चर जैसे क्षेत्रों में भी ₹2000 से ज्यादा के ट्रांजेक्शन पर केवल ₹5 का फिक्स्ड चार्ज है, और स्टॉक ब्रोकर्स, म्यूचुअल फंड जैसे उच्च-वैल्यू ट्रांजेक्शन पर भी अधिकतम ₹300 तक ही MDR है।

कांग्रेस और राहुल गांधी का दुष्प्रचार: देशहित या सस्ती राजनीति ?

नए नियम लागू होने के बाद कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी ने जिस तरह से जनता को भ्रमित करने की कोशिश की, वह न केवल अफसोस जनक  है, बल्कि गंभीर भी। सोशल मीडिया पर कांग्रेस पार्टी ने यह झूठ फैलाया कि अब हर नागरिक को ₹2000 से ऊपर के हर ट्रांजेक्शन पर चार्ज देना होगा। जबकि हकीकत यह है कि आम आदमी का लेनदेन पूरी तरह से मुफ्त है।

यह पहली बार नहीं है कि कांग्रेस ने आर्थिक सुधारों का विरोध किया हो। जीएसटी हो, नोटबंदी हो, या डिजिटल इंडिया—हर बार कांग्रेस ने जनता को गुमराह करने की कोशिश की है। राहुल गांधी खुद संसद में और बाहर बार-बार ऐसे बयान देते रहते हैं, जिनका हकीकत से कोई लेना-देना नहीं होता। यु पी आई पर सरकार की नई नीति के पीछे स्पष्ट सोच है—देश में डिजिटल पेमेंट्स के इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना, साइबर सिक्योरिटी को बेहतर बनाना और छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा करते हुए स्थायी इकॉनमी तैयार करना।

सरकार का दृष्टिकोण: डिजिटल बदलाव और आर्थिक सुधार का मजबूत इरादा

सरकार ने अपने फैसले के पीछे जो तर्क दिया है वह बिल्कुल व्यावहारिक और दीर्घकालिक सोच पर आधारित है। पिछले चार वर्षों में सरकार ने 8000 करोड़ रुपए यु पी आई इन्फ्रास्ट्रक्चर को मुफ्त बनाए रखने के लिए खर्च किए। हर साल इस सिस्टम को चलाने में 20,000 करोड़ रुपए की लागत आती है। जब तक देश में यु पी आई को बढ़ावा देना था, तब तक सरकार ने इसकी पूरी लागत खुद उठाई। लेकिन अब, जब यु पी आई का नेटवर्क इतना विशाल हो चुका है, तो उसे लंबे समय तक मुफ्त में चलाना व्यावहारिक नहीं है।

2020 से पहले भी यु पी आई ट्रांजेक्शन पर चार्ज लगता था, जिसे बाद में हटाया गया था ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग डिजिटल पेमेंट की ओर आएं। अब, जब 96% ट्रांजेक्शन ₹2000 से कम के हैं, तो केवल बड़े व्यापारिक लेनदेन पर ही MDR लगाया गया है।

निष्कर्ष: जिम्मेदार राजनीति या अफवाहबाज़ी?

कांग्रेस और राहुल गांधी ने यु पी आई जैसे आर्थिक सुधारों का विरोध कर एक सकारात्मक पहल को नकारात्मक मोड़ देने की कोशिश की है। ऐसे समय में जब भारत दुनिया के 11 देशों में अपना डिजिटल पेमेंट मॉडल सफलतापूर्वक चला रहा है, विपक्ष का यह दुष्प्रचार केवल देश की तरक्की में रोड़ा अटकाने जैसा है। सरकार की नीति स्पष्ट है—आम जनता और छोटे दुकानदारों पर कोई बोझ नहीं, और बड़े ट्रांजेक्शन पर भी सीमित, पारदर्शी और न्यूनतम शुल्क।

यु पी आई की सफलता और मजबूती भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था का भविष्य तय करेगी। ऐसे में राजनीतिक दलों को सस्ती लोकप्रियता के बजाय, देशहित में सच्चाई को फैलाना और डिजिटल क्रांति का समर्थन करना चाहिए।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.