भारत मंडपम में विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर ‘देखो अपना देश 2.0’ की शुरुआत
भारत ने ONDC के साथ लॉन्च किया नेशनल डिजिटल टूरिज्म स्टैक, पर्यटन क्षेत्र को मिलेगा DPI का बढ़ावा
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 29 सितंबर :भारत ने पर्यटन क्षेत्र को डिजिटल रूप से मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नेशनल डिजिटल टूरिज्म स्टैक लॉन्च किया है। इसे ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) के सहयोग से विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों को स्थानीय पर्यटन सेवाओं और कारोबारों से जोड़ना तथा देश के कम चर्चित पर्यटन स्थलों को डिजिटल मंच पर बढ़ावा देना है।
केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने 27 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में विश्व पर्यटन दिवस 2026 के अवसर पर इस पहल के साथ ‘देखो अपना देश 2.0’ की शुरुआत की। सरकार के अनुसार, इन पहलों का उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र में भारत की डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) क्षमता का इस्तेमाल करते हुए स्थानीय समुदायों, उद्यमियों, महिलाओं और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करना है।
नेशनल डिजिटल टूरिज्म स्टैक को किसी एक सरकारी बुकिंग प्लेटफॉर्म के बजाय साझा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके माध्यम से पर्यटन से जुड़े सेवा प्रदाताओं को विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
प्रस्तावित व्यवस्था में सत्यापित पहचान और सेवा प्रदाता प्रमाण-पत्र, पर्यटन सेवाओं की खोज एवं जानकारी, डिजिटल भुगतान, रेटिंग और शिकायत निवारण जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। केंद्र सरकार के साथ राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और पर्यटन उद्योग से जुड़े पक्षों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। इसकी चरणबद्ध शुरुआत प्रस्तावित है और जनवरी 2027 में पायलट परियोजना शुरू होने की योजना है।
इस डिजिटल व्यवस्था से होमस्टे संचालकों, स्थानीय गाइड, परिवहन सेवा प्रदाताओं और स्थानीय अनुभव उपलब्ध कराने वाले छोटे कारोबारियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। वे विभिन्न डिजिटल माध्यमों पर पर्यटकों तक अपनी सेवाएं पहुंचा सकेंगे।
इसके साथ ही ‘देखो अपना देश 2.0’, जिसे नेशनल मिशन फॉर अल्टरनेटिव डेस्टिनेशंस के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है, का फोकस कम चर्चित पर्यटन स्थलों के विकास और प्रचार पर रहेगा। इसमें पहाड़ी एवं पर्वतीय क्षेत्र, तटीय इलाके, विरासत एवं सांस्कृतिक शहर और क्षेत्रीय तीर्थस्थल शामिल हैं।
सरकार ने Airbnb India, FlixBus India, Glance Digital Experience, Eicher Group Foundation और MakeMyTrip के साथ पांच गैर-वाणिज्यिक और गैर-बाध्यकारी समझौता ज्ञापनों की भी घोषणा की है। इन पहलों के जरिए पर्यटन का लाभ प्रमुख पर्यटन केंद्रों से आगे छोटे शहरों और स्थानीय समुदायों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।