समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 5मई। चुनावी जोड़तोड़ के बीच राजधानी दिल्ली से जुड़े बॉर्डर और अलग-अलग एरिया पर फ्लाइंग स्क्वाड टीम (एफएसटी) और स्टेटिक स्क्वाड टीम (एसएसटी) टीम लगातार काम कर रही है. इस बीच, एफएसटी टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. दरअसल, स्क्वाड टीम ने एक बीएमडब्ल्यू कार से दो करोड़ रुपये की रकम बरामद की है. यह बड़ी कार्रवाई करने के बाद आयकर विभाग को इसकी जानकारी दी गई.
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने शनिवार को दक्षिण पूर्वी दिल्ली के ओखला औद्योगिक क्षेत्र में एक बीएमडब्ल्यू कार से 2 करोड़ रुपये से अधिक बरामद किए और दो लोगों को हिरासत में लिया है. अधिकारियों के मुताबिक, चुनाव आयोग द्वारा गठित तुगलकाबाद की फ्लाइंग स्क्वाड टीम (एफएसटी) के साथ स्थानीय पुलिस को ओखला औद्योगिक क्षेत्र में वाहनों की जांच करने के लिए तैनात किया गया था. उन्होंने जांच के लिए एक बीएमडब्ल्यू कार को रोका और दो कार्डबोर्ड डिब्बों में रखी भारी मात्रा में नकदी बरामद की.
अधिकारियों ने बताया कि कार में यात्रा कर रहे दो लोग पैसे का सटीक स्रोत बताने में विफल रहे, उस के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया.आयकर विभाग और एसडीएम को रकम बरामदगी के बारे में सूचित कर दिया गया है. हालांकि, अभी तक ये साफ नहीं हो पाया कि बीएमडब्ल्यू कार कहां से आ रही थी और किस दिशा में जा रही थी? इसके साथ ही बरामद कैश का इस्तेमाल क्या लोकसभा चुनाव में होना था? इन बातों पर जांच की जारी है.