- एसपी आवास के सामने दिनदहाड़े फायरिंग, निजी सुरक्षा गार्ड की मौके पर मौत
- आरोपी जिला बल का जवान हिरासत में, जांच जारी
- घटना की वजह को लेकर आपसी विवाद, लापरवाही या अन्य कारणों की पड़ताल
- फॉरेंसिक टीम, वरिष्ठ अधिकारी, सीसीटीवी फुटेज व वाहन की गहन जांच
समग्र समाचार सेवा
चतरा, झारखंड 22 जुलाई :झारखंड के चतरा जिले में मंगलवार दोपहर पुलिस अधीक्षक (एसपी) आवास के सामने दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। फायरिंग में एक निजी सुरक्षा गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जांच में जिला बल के एक जवान पर गोली चलाने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी जवान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक गोली चलने की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। घायल गार्ड को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस, सिमरिया और टंडवा एसडीपीओ समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल के पास खड़ी एक फोर्ड एंडेवर कार जब्त की है, जो बाईपास निर्माण कंपनी के मालिक की बताई जा रही है। वाहन से अन्य हथियार मिलने की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम भी बुलाई गई है, जो सभी वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और आरोपी जवान से पूछताछ के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही घटना का विस्तृत खुलासा होगा