आंध्र प्रदेश : देश को मिला नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट
पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में भोगापुरम एयरपोर्ट का उद्घाटन किया, अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस
समग्र समाचार सेवा
विजयनगरम (आंध्र प्रदेश) | 1 अगस्त : आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में बने भोगापुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आधिकारिक नाम: अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट) का आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे। यह एयरपोर्ट आजादी के महान क्रांतिकारी अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखा गया है। एयरपोर्ट पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर कुल ₹5,640 करोड़ से अधिक लागत में तैयार किया गया है। 2,203 एकड़ में फैले इस एयरपोर्ट का रनवे 3,800 मीटर लंबा है और इसमें 5,000 वर्ग मीटर का विशाल कार्गो टर्मिनल भी है।
एयरपोर्ट के टर्मिनल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बिल्डिंग इंफॉर्मेशन मॉडलिंग, एयरसाइड 4.0, प्रिडिक्टिव ऑपरेशंस सेंटर जैसी अत्याधुनिक तकनीकें मौजूद हैं। यात्रियों के लिए बायोमेट्रिक एंट्री, ऑटोमेटिक बैगेज हैंडलिंग और आधुनिक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए यहां 5 मेगावाट का सोलर प्लांट, वर्षा जल संरक्षण, बिजली बचाने वाली लाइटें, एसी और इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन भी लगाए गए हैं। टर्मिनल की छत आंध्र प्रदेश की पारंपरिक झोपड़ियों और अराकू घाटी से प्रेरित है, जबकि पूरी इमारत का आकार उड़ती हुई मछली जैसा दिखाई देता है।
एयरपोर्ट को संचालन के लिए डीजीसीए, बीसीएएस, कस्टम, इमिग्रेशन समेत सभी जरूरी मंजूरियां मिल चुकी हैं। 17 अगस्त से सभी कमर्शियल उड़ानें विशाखापत्तनम एयरपोर्ट से भोगापुरम एयरपोर्ट पर शिफ्ट की जाएंगी, और VTZ एयरपोर्ट कोड भी अब भोगापुरम को मिलेगा। विशाखापत्तनम के आईएनएस डेगा एयरपोर्ट से अगले 30 साल तक नियमित कमर्शियल उड़ानें नहीं चलेंगी। इस नए एयरपोर्ट से विशाखापत्तनम, विजयनगरम, श्रीकाकुलम जिलों और दक्षिणी ओडिशा के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।